हमीरपुर। उपमंडल भोरंज में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत भरे जा रहे अनुदान के फर्जी फॉर्म को लेकर एकीकृत बाल विकास विभाग ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस थाना में केस दर्ज करवा दिया है। अमर उजाला ने अपने 3 अप्रैल के अंक में इस फर्जीवाड़े को प्रमुखता से उठाया था। जिसके बाद विभाग ने हरकत में आकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी (एकीकृत बाल विकास योजना) तिलक राज आचार्य ने कहा है कि विभाग द्वारा संचालित की जा रही बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत किसी भी प्रकार का अनुदान प्रदान करने का कोई नियम अथवा प्रावधान नहीं है। उन्होंने कहा कि जिला के भोरंज क्षेत्र में इस योजना के नाम पर फॉर्म भरवाने व भ्रामक प्रचार करने की बात सामने आने के उपरांत तत्काल अज्ञात लोगों के विरुद्ध स्थानीय पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज करवा दी गई है। उन्होंने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी व समस्त पर्यवेक्षक, बाल विकास परियोजना को निर्देश जारी किए हैं कि वे इस बारे में लोगों को जागरूक करें। उनके क्षेत्र में यदि इस तरह का कोई मामला सामने आता है तो इसकी सूचना विभाग व स्थानीय प्रशासन को तत्काल प्रेषित करें। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से ग्राम पंचायत प्रधानों से भी आग्रह किया है कि वे इस तरह के किसी भी फॉर्म की सत्यता की विभाग के स्तर पर अवश्य जांच कर लें और पूर्ण जानकारी के बिना फॉर्म सत्यापित न करें।