सुजानपुर (हमीरपुर)। सुजानपुर में पुलिस ने एक युवक से 50 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। बुधवार शाम को सुजानपुर पुलिस की एक टीम गश्त पर थी। सैनिक स्कूल कॉलोनी के पास वाहनों की चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार ने बाइक को कुछ दूरी पर ही रोक दिया और उतरकर भागने लगा और उसने अपनी जेब से एक पैकेट फेंका।
पुलिस ने उसका पीछा किया तथा कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया। फेंके गए पैकेट से 50 ग्राम चरस बरामद की गई। आरोपी 20 वर्षीय युवक है और तहसील टौणी देवी के गवारडू गांव का रहने वाला है। थाना प्रभारी सतपाल ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी को जमानत पर रिहा कर दिया गया है।