हमीरपुर। राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में 15 जून से दाखिले शुरू हो रहे हैं। रूसा के तहत छात्र 15 जून से 30 जून तक महाविद्यालय में दाखिला ले सकते हैं। हालांकि छात्रों की छुट्टियां 15 जून को समाप्त होगी, लेकिन विवि के निर्देशानुसार दाखिले भी 15 जून से ही शुरू हो जाएंगे। छात्र 30 जून तक विभिन्न स्ट्रीम में दाखिला ग्रहण कर सकते हैं। छात्र अभिभावकों सहित कॉलेज में आकर दाखिला ले सकते हैं।
विवि प्रबंधन ने इस बार रूसा के तहत वार्षिक सिस्टम में दाखिले शुरू करने का निर्णय लिया है, लेकिन विवि ने कॉलेज प्रबंधन को अभी इसके बारे में कोई अधिसूचना जारी नहीं की है। इसके साथ ही अभी तक कॉलेज के प्रॉस्पेक्टस छपना भी शुरू नहीं हुए हैं। विवि प्रबंधन ने कॉलेज को फिलहाल प्रॉस्पेक्टस छापने के लिए भी मना किया है। इससे छात्र संशय में हैं। कॉलेज में 15 जून से दाखले शुरू होने वाले हैं, लेकिन छात्रों को दाखिले से संबंधी कोई क्लीयरेंस नहीं मिल रही है। इस संबंध में कॉलेज प्राचार्य डॉ. एचएस जंवाल का कहना है कि 15 जून से दाखिले शुरू हैं। वार्षिक सिस्टम के तहत दाखिले करने की अभी कोई अधिसूचना नहीं आई है।