भोरंज(हमीरपुर)। विकास खंड भोरंज के अतंर्गत पड़ती ग्राम पंचायत लुद्दर महादेव में वीरवार को प्रशासन जनता के द्वार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता एसडीएम भोरंज विजय कुमार ने की। स्थानीय विधायक कमलेश कुमारी ने शिविर में विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। शिविर में ग्राम पंचायत टिक्करी मिन्हासां, लगमन्वी, बाहन्वी और आसपास के क्षेत्र के लोगों ने भाग लिया। विधायक कमलेश कुमारी ने कहा कि प्रशासन जनता के द्वार शिविरों के आयोजन से जहां लोगों की भू-राजस्व और अन्य समस्याओं का घर द्वार पर निपटारा किया जाता है, वहीं उन्हें विभिन्न विभागों के माध्यम से चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी प्रदान की जाती है। उन्होंने भोरंज प्रशासन से विकास खंड के अतंर्गत दूर दराज पंचायतों में समय समय पर प्रशासन जनता के द्वार शिविरों का आयोजन करने का आग्रह किया। शिविर में वसीयत, इंतकाल, शपथ पत्र, प्रमाणपत्र और अन्य प्रार्थना पत्रों सहित 85 मामले प्राप्त हुए। इनमें से 62 का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया और 23 शेष मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर निपटारा करने के निर्देश दिए गए।