हमीरपुर में फायरमैन की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान वजन उठाकर दौड़ लगाते अभ्यर्थी।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश दमकल विभाग में फायरमैन के 43 पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया के चौथे दिन शुक्रवार को 34 अभ्यर्थियों ने शारीरिक दक्षता परीक्षा उत्तीर्ण की। आयोग ने चौथे दिन 156 अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र जारी किए थे, लेकिन 80 अभ्यर्थी इस प्रक्रिया में अनुपस्थित रहे। केवल 76 अभ्यर्थी ही भर्ती के दौरान शारीरिक दक्षता परीक्षा देने पहुंचे। सात अभ्यर्थी रस्सी नहीं चढ़ पाए, जबकि 4 अभ्यर्थी अन्य टेस्ट में फेल हो गए।
वहीं, भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के अनुसार निर्धारित शैक्षणिक योग्यता पूरी न करने पर 20 अभ्यर्थी मैदान से बाहर हो गए। फायरमैन के पदों पर भर्ती के लिए सिंथेटिक ट्रैक अणु हमीरपुर में शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग ने पोस्ट कोड 916 के तहत फायरमैन के पदों पर भर्ती के लिए बीते वर्ष आवेदन मांगे थे। आवेदन आने के बाद आयोग ने 14 नवंबर 2021 को लिखित परीक्षा का आयोजन किया, जिसमें 1418 अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। लिखित परीक्षा में 772 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए।
लिखित परीक्षा को उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों के लिए अब शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 100 मीटर की दौड़, रस्सी चढ़ना, रेत के थैले उठाकर दौड़ना और शारीरिक मापदंड का आकलन आदि शामिल हैं। यह शारीरिक दक्षता परीक्षा 21 मई तक चलेगी। इसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा में उत्तीर्ण रहने वाले अभ्यर्थियों के लिए पंद्रह अंक की मूल्यांकन परीक्षा होगी। उधर, आयोग के सचिव डॉ. जितेंद्र कंवर ने बताया कि दमकल विभाग में फायरमैन के पदों पर भर्ती के लिए आयोग 21 मई तक शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन कर रहा है।