जाहू (हमीरपुर)।
भीषण गर्मी में जाहू पंचायत में पेयजल किल्लत हो गई है। डेढ़ सप्ताह से तेज धूप से दोनों पेयजल योजनाएं सूख गई हैं। इस कारण कस्बे सहित आस पास के क्षेत्रों में पेयजल समस्या उत्पन्न हो गई है। लोगों को टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है। जाहू में इन दिनों पानी के टैंकर के रेट भी मनमर्जी से वसूले जा रहे हैं। जाहू पंचायत अपने स्तर पर लोगों को पानी की सप्लाई करती है। इसके लिए उसने दो पेयजल योजनाएं स्थापित की हैं।
पानी की स्कीम-1 का कुआं बिल्कुल सूख चुका है। इस पेयजल स्कीम से पंचायत के वार्ड-4, 5, 6 और 7 के करीब 600 घरों को पानी की सप्लाई की जाती है। इन दिनों इन वार्डों के करीब 4000 हजार लोग पानी की एक-एक बूंद को तरस रहे हैं। दूसरी स्कीम में भी लगभग पानी सूखने के कगार पर है। पंचायत में आईपीएच ने हैंडपंप तो लगाए हैं, उनमें से अधिकतर खराब पड़े हैं। जो ठीक हैं उनका पानी पीने योग्य नहीं है। पंचायत में लगावालती पेयजल योजना से भी पानी की सप्लाई नहीं आ रही है। पंचायत के पदाधिकारियों ने भोरंज एसडीएम को भी प्रस्ताव डालकर जाहू में पानी के टैंकर मंगवाने की मांग की है। आईपीएच भोरंज के एसडीओ अजय वर्मा ने बताया कि जाहू में पानी की स्कीम पंचायत द्वारा चलाई जाती है। परंतु विभाग जाहू में पानी की समस्या को दूर करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन
टैंकरों की करेंगे व्यवस्था
विधायक कमलेश कुमारी का कहना है कि भोरंज में पानी की कमी के चलते लोगों को काफी परेशानी का समाना करना पड़ रहा है। पानी की समस्या को दूर करने के लिए पानी के टैंकरों की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए विभाग को आदेश दिए जाएंगे।
जाहू पंचायत के प्रधान राजू का कहना है कि जाहू में पानी की समस्या ने विकराल रूप धारण कर लिया है। इस बारे में आईपीएच मंत्री व प्रशासन को अवगत करवा दिया है। भोरंज एसडीएम को पंचायत में पानी के टैंकर लगाने के लिए पत्र के माध्यम से मांग की गई है।