हमीरपुर। जिले में शुक्रवार को पावर ग्रिड के छह कर्मचारियों, समीरपुर के सात लोगों और जिला स्वास्थ्य अधिकारी समेत कुल 220 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से रैपिड एंटीजन टेस्ट में 145 और आरटीपीसीआर में 75 लोग संक्रमित पाए गए हैं।
दिन-रात कोरोना मामलों की मॉनिटरिंग कर रहे जिला स्वास्थ्य अधिकारी भी संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्निहोत्री ने बताया कि शुक्रवार को जिले में रैपिड एंटीजन टेस्ट के लिए कुल 687 सैंपल लिए गए। इनमें से 145 पॉजिटिव निकले, वहीं 75 लोग आरटीपीसीआर में संक्रमित पाए गए हैं।
डॉ. अग्निहोत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग अति आवश्यक है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे मास्क के बिना बाहर न निकलें, आपस में पर्याप्त दूरी बनाकर रखें, कहीं पर भी भीड़ इकट्ठी न करें और हाथों की स्वच्छता का ध्यान रखें। अगर खांसी, जुकाम और बुखार जैसे लक्षण सामने आते हैं तो तुरंत अपने आपको आइसोलेट कर लें तथा अपना टेस्ट करवाएं। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाई लें और अपने प्राथमिक संपर्क में आए सभी लोगों को भी कोरोना टेस्ट करवाने के लिए प्रेरित करें।