जलाड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन की ग्राम पंचायत मालग के गांव बुढाणा में एक घर पर बिजली गिरने से बिजली उपकरण जल गए। मकान मालिक शांति स्वरूप ने बताया कि गत रात बिजली गिरने से उनके घर में लगे बिजली के उपकरण पंखे, टीवी, गीजर, फ्रिज आदि जल गए। अचानक रात को इन उपकरणों में धमाके होने शुरू हो गए जब उठकर देखा तो उपकरणों से धुआं निकल रहा था।
धमाकों से परिवार के लोग डर गए। जब आसमानी बिजली गिरने से उपकरणों के जलने का पता चला तो उनका डर और बढ़ गया। परिवार के सदस्यों को डर सताने लगा कि कहीं दोबारा बिजली उनके घर पर न पड़े। परिवार के सारे सदस्यों ने एक कमरे में बैठकर सारी रात निकाली। शांति स्वरूप ने बताया कि इस घटना में उन्हें लगभग एक लाख का नुकसान हुआ है। पंचायत प्रधान अश्वनी कटोच ने मौके का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इस आपदा से पीड़ित परिवार को करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मदद देने का आग्रह किया है।