बिझड़ी(हमीरपुर)। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध सिद्ध पीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में चैत्र मेलों के पहले रविवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। मंदिर में हजारों की तादात में श्रद्धालुओं ने बाबा बालक नाथ की गुफा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। सुबह से ही हजारों के हिसाब से श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें पौणाहारी के दरबार देखी गई। बाबा के भक्तों को गुफा दर्शन के लिए घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
हिमाचल के साथ साथ अन्य राज्यों के लोग शनिवार शाम से ही पौणाहारी नगरी पहुंचना शुरू हो गए थे। बाबा के भक्त सुबह सवेरे ही अपनी टोलियों सहित हाथ में रोट, प्रसाद और झंडे लेकर बाबा के जयकारे और भजन गाते हुए बाबा की गुफा के दर्शन करने निकल पड़े थे। मंदिर परिसर रविवार के दिन बाबा के जयकारों और भजनों से गूंजता रहा। मंदिर न्यास ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए है। मंदिर में रोजाना लंगर लग रहा है। इस संबंध में एसडीएम बड़सर विशाल शर्मा ने कहा कि रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। उन्होंने कहा कि सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगना शुरू हो गई।
मंदिर में सुरक्षा के लिए ट्रैकर और नारकोटिक डॉग
बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में लगे चैत्र मेलों के दौरान जिला पुलिस और सीआईडी भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैदी दिखा रही है। रविवार के चलते भीड़ होने के कारण सीआईडी विंग भी ट्रैकर डॉग और नारकोटिक डॉग के साथ दियोटसिद्ध में पंहुचे। जेब कतरों और चोरी की घटनाओं से बचने के लिए जिला पुलिस और सीआईडी ने यह निर्णय लिया है। इस संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा अहम है। इसके साथ कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में उपद्रवियों, जेबकतरों के न घुसने के लिए ट्रैकर डॉग और नारकोटिक डॉग की भी सहायता ली जा रही है।