अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर।
जिला मुख्यालय हमीरपुर में अलग-अलग बैंकों के एटीएम तो एक दर्जन के करीब लगे हैं, लेकिन पैसे न होने के चलते ये महज शोपीस बने हैं। महीने के दूसरे शनिवार और रविवार को सार्वजनिक अवकाश के चलते लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। गांधी चौक से लेकर भोटा चौक तक जिला का सबसे बड़ा बाजार है। जिलेभर से लोग यहां खरीदारी को आते हैं। वहीं शहर में दो सिनेमाघर भी हैं। लेकिन शनिवार को बैंक एटीएम में पैसे न होने से लोगों को परेशानी हुई। इससे लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर था। एटीएम से खाली लौटते वक्त लोग बैंक प्रबंधन को कोस रहे थे।
उपभोक्ताओं विमल राणा, सुभाष ठाकुर, वीरेंद्र शर्मा, सुनील कुमार, स्वाति, दीपिका, नेहा और रजनी ने बताया कि शनिवार को शहर के अधिकतर बैंकों के एटीएम खाली रहने से खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बड़े शॉपिंग मॉल में तो ऑनलाइन बैंकिंग ट्रांजेक्शन की सुविधा है। लेकिन छोटे रेस्टोरेंट, ढाबों, सब्जियों और कपड़ों की दुकानों पर डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड की सुविधा न होने से वे खरीददारी नहीं कर पाए।
उपभोक्ताओं ने कहा कि हर बार उपायुक्त हमीरपुर की अध्यक्षता में बैंकों की त्रैमासिक समीक्षा बैठक होती है, लेकिन बैंक एटीएम के खाली रहने और नॉन ऑपरेशनल रहने पर अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा सके। उन्होंने जिला प्रशासन से इस संदर्भ में उचित कदम उठाने की मांग की है, ताकि लोगों को एटीएम से पैसे निकालने में कोई परेशानी न हो। एसडीएम हमीरपुर अरिंदम चौधरी ने कहा कि एटीएम में पैसे न होने के मामले की जांच की जाएगी।