जाहू (हमीरपुर)। प्रदेश सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका कल्याण संघ के प्रतिनिधि मंडल ने प्रदेशाध्यक्ष रीना ठाकुर की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मंडी जिले में मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को ग्यारह सूत्री मांग पत्र सौंपा गया। इस दौरान सरकारी स्कूलों में नर्सरी कक्षाओं को पढ़ाने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की नियुक्ति करने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नर्सरी अध्यापिका बनने के लिए योग्यता रखती हैं।
स्कूलों में नर्सरी कक्षाएं चलाने से आंगनबाड़ी में बच्चों की संख्या कम हो गई है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका का मानदेय में प्रतिवर्ष निश्चित बढ़ोतरी तथा सेवानिवृत्ति पर एक वर्ष का अतिरिक्त मानदेय देने की मांग की गई। संघ के संयोजक अभिषेक ठाकुर ने कहा कि सेवानिवृत्ति पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका को किसी प्रकार की पेंशन नहीं मिलती है। ऐसे में सभी को सामाजिक सुरक्षा पेंशन के अंतर्गत लाने और आय प्रमाण पत्र की शर्त को हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने संघ की मांगों को सहानुभूति पूर्वक सुनकर उन्हें पूरा करने का आश्वासन दिया है।