नादौन (हमीरपुर)। पिछले दो दिनों से क्षेत्रभर में हो रही भारी बरसात के कारण नादौन के भरमोटी गांव में एक बेहद गरीब परिवार का कच्चा मकान जमींदोज हो गया। इस घर में रहने वाले वृद्ध प्रकाश चंद और उनकी पत्नी चंचला देवी ने बताया कि उनके दो कमरों के मकान में से एक कमरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। जबकि दूसरा कमरा कभी भी गिर सकता है।
घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे भरमोटी पंचायत प्रधान प्रियतोष निशु ने जब देखा कि परिवार के पास रात को सिर छुपाने तक की जगह नहीं है तो उन्होंने तुरंत गांव के महिला मंडल भवन को खाली करवाकर वृद्ध दंपती के रहने और खाने पीने का इंतजाम किया। प्रियतोष ने बताया कि परिवार की ओर से कमरे में रखा गया सारा सामान क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने बताया कि इस बीपीएल परिवार को रात को सिर छुपाने तक का स्थान नहीं है। प्रियतोष ने सरकार से इस गरीब परिवार की शीघ्र सहायता करने की मांग की है।