हमीरपुर। हमीर मेगा नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे सीजन का आगाज 25 अप्रैल से होगा। इस टूर्नामेंट में भाग लेने वाली टीमें 1800 रुपये प्रवेश शुल्क देकर मैच खेल सकती हैं। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 52 हजार रुपये व ट्रॉफी और उपविजेता टीम को 32 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में मैन ऑफ द सीरिज के रूप में खिलाड़ी को एक बाइक भेंट की जाएगी। आयोजकों बुद्धि सिंह, राहुल चौधरी, संदीप ठाकुर, अनिल श्याम, मोनू पराशर, अजय और पंकज ने हमीरपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि हमीर मेगा क्रिकेट टूर्नामेंट की बीते साल शुरूआत की गई है। इस बार टूर्नामेंट का दूसरा सीजन करवाया जा रहा है।
उन्होंने अधिक से अधिक टीमों से प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक लीग मैच आठ ओवर का होगा और प्रत्येक टीम में नौ खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। कोस्को की बाल से टूर्नामेंट खेला जाएगा। इसमें प्रत्येक मैच में 50 रुपये अंपायर फीस भी रखी गई है। साथ ही आयोजक कमेटी की कोई भी टीम इस टूर्नामेंट में भाग नहीं लेगी और पर्ची के आधार पर टीमों के मैच करवाए जाएंगे। उन्होंने टीमों से मैच के लिए पंजीकरण करवाने के लिए आयोजकों से संपर्क करने की अपील की है।