नादौन(हमीरपुर)। स्थानीय कस्बा में बुधवार सुबह एक सांड के हमले से वृद्ध महिला घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने महिला को नादौन अस्पताल पहुंचाया। जहां उसे प्राथमिक उपचार देकर हमीरपुर रेफर कर दिया।
65 वर्षीय निर्मला देवी निवासी गांव साई बटराण बुधवार को घर से दवाई लेने के लिए नादौन आई थी। जहां दवाई लेने के बाद जब वह घर को बस लेने के लिए बस अड्डा पहुंची तो वहां अचानक एक सांड ने उस पर हमला कर दिया। लोगों का कहना है कि इस दौरान कोई भी उसके पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। लोगों ने पानी आदि फेंक कर उसे सांड के चंगुल से बचाया। इस दौरान दो युवकों गोरू तथा आशू ने महिला को अस्पताल पहुंचाया। महिला के सिर व बाजू पर गंभीर चोटें आई हैं। जिसे नादौन में प्राथमिक उपचार के बाद हमीरपुर रेफर कर दिया है। नादौन अस्पताल के डॉ. हितेश का कहना है कि प्राथमिक उपचार के बाद महिला को हमीरपुर रेफर कर दिया गया है। सिर पर चोट होने के कारण महिला को सीटी स्कैन के लिए लिखा गया है।