हमीरपुर। प्रदेश की सबसे हॉट सीट सुजानपुर की मतगणना प्रदेश में संभावित सबसे लंबी साबित हुई। पौने पंद्रह घंटे चली मतगणना के बाद सोमवार देर रात 10:46 पर चुनाव नतीजे घोषित हुए। इस सीट से कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र राणा की ऐतिहासिक जीत हुई। उन्होंने भाजपा के मुख्यमंत्री उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल को 1,919 मतों की अंतर से पराजित किया। राजेंद्र राणा को कुल 25,288 मत पड़े। जबकि भाजपा के प्रेम कुमार धूमल को 23,369 मत मिले।
राजेंद्र राणा ने सुबह आठ बजे से शुरू हुई मतगणना के पहले राउंड में ही 540 मतों से भारी बढ़त बना ली। इसके बाद राणा को लगातार तेरह राउंड में बढ़त ही मिलती गई। उनकी बढ़त का क्रम एक बार भी नहीं थमा। धूमल इस बढ़त को रोक नहीं पाए और अंत में हार का सामना करना पड़ा। शुरूआत के 11 राउंड तीन बजे ही पूर्ण हो चुके थे, जिसमें धूमल को बिलकुल भी बढ़त नहीं थी। जिसके बाद चुनाव आयोग की गाइडलाइन का पालन करते हुए आखिर के दो राउंड की गिनती रोककर पहले पोस्टल बैलेट की गिनती करनी पड़ी। पोस्टल बैलेट ने मतगणना कर्मचारियों का खूब पसीना बहाया। पोस्टल बैलेट की गिनती रात साढ़े दस बजे खत्म हुई। जिसके बाद आखिर के दो राउंड की ईवीएम की गिनती हुई। देर रात पौने ग्यारह बजे तक प्रेम कुमार धूमल के समर्थक ठंड के बावजूद मैदान में डटे रहे। वहीं राजेंद्र राणा ने अपनी जीत का श्रेय सुजानपुर की जनता को देते हुए कहा कि वह जनता के विश्वास को कायम रखते हुए पूर्व की भांति विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे।