बिझड़ी (हमीरपुर)। सिरहाली खड्ड में लगातार हो रहे अवैध खनन के विरोध में ग्रामीण लामबंद
हो गए हैं। खनन के कारण ग्रामीणों की मलकीयती भूमि में कटाव हो रहा है। प्रदेश में खनन पर प्रतिबंध के बावजूद अवैध रूप से यह धंधा जोरों पर जारी है। खननकारी अवैध खनन करके खूब चांदी कूट रहे हैं।
इस संबंध में ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम कार्यालय में बुधवार को ज्ञापन सौंपा। जिसमें मांग की गई है कि अवैध खनन को रोकने के लिए पुलिस को निर्देश दिए जाएं। ग्रामीणों का कहना है कि मसलाना कला, छपरोह, दरकोटी और झंझयानी आदि गांवों की मलकीयती भूमि में अवैध खनन के कारण भू-कटाव हो रहा है। गांववासियों में ब्रह्म दास, बांकू राम, ज्ञान चंद, कांशी राम, बालक राम ने प्रशासन से तुरंत अवैध खनन करने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। डीएसपी बड़सर जसवीर ठाकुर का कहना है कि अवैध खनन पर पूर्ण प्रतिबंध है। अगर कोई कानून तोड़ता हुआ पाया जाता है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।