सुजानपुर (हमीरपुर)। राष्ट्रीय होली मेले की तैयारी को लेकर आयोजित बैठक में एसडीएम सुजानपुर शिवदेव सिंह ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जब तक होली मेला समाप्त नहीं होता, उपमंडल के सभी विभागीय अधिकारी अपना फोन बंद नहीं करेंगे। राष्ट्रीय होली मेला 18 से 21 मार्च तक मनाया जा रहा है। मेले की तैयारियों को लेकर विभागीय अधिकारियों की विशेष बैठक आयोजित की गई। एसडीएम एवं मेला अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय होली मेला भव्य एवं शानदार तरीके से मनाया जाएगा।
जिसके लिए प्रशासन युद्ध स्तर पर कार्य कर रहा है। मेले में लोगों की सुविधा के लिए तमाम व्यवस्थाएं बनाई जाएंगी। रात्रि समारोह से लेकर दिन के समय होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन अब तक जिस तरह होता आया है, उसी तर्ज पर किया जाएगा। मेलेे को और अधिक आकर्षित बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों से सुझाव भी मांगे गए हैं। मेले में दुकानों के आवंटन का कार्य 12 से 15 मार्च तक रखा गया है। जिसमें मेले में दुकानदारी करने वालों को प्लॉट आवंटित किए जाएंगे। इस मौके पर सुजानपुर थाना प्रभारी सुभाष शास्त्री को भी निर्देश दिए गए हैं कि मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तमाम जिम्मेदारियां देखी जाएं। बिजली बोर्ड और आईपीएच विभाग को बिजली और पानी की सुचारु व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।