हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत हीरानगर कस्बे में एनएच पर एक बाइक और नगर परिषद के डंपर वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस टक्कर में बाइक सवार दो युवकों में से एक घायल हो गया। जबकि, दूसरा युवक सुरक्षित है। घायल युवक को टांग और बाजू में चोटें आई हैं। दोनों युवक हमीरपुर कालेज में पढ़ते हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डंपर वाहन के टायर के नीचे आई बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि टक्कर के समय बाइक सवार डंपर वाहन की विपरीत दिशा में गिरे, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
वहीं पुलिस ने मौके पर जाकर घटनास्थल का जायजा लिया। घायल को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में भर्ती करवाया गया है। घायल सचिन (18) पुत्र अमरजीत सिंह निवासी ढलवाण, कोट जिला हमीरपुर ने बताया कि वह और उसका दोस्त बाइक पर जा रहे थे। हीरानगर में बारिश के कारण अचानक बाइक स्किड हो गई और सामने से आ रहे डंपर वाहन से टकरा गई। इससे वह और उसका दोस्त डंपर वाहन की विपरीत दिशा में जा गिरे और बाइक वाहन के टायर के नीचे आ गई। इस संबंध में बस स्टैंड चौकी प्रभारी सोहन सिंह का कहना है कि दोनों वाहन चालकों में समझौता होने के कारण मामला दर्ज नहीं हुआ है।