गलोड़ (हमीरपुर)। पुलिस थाना सदर के तहत नाल्टी गांव में पिता-पुत्री को जहरीले सांप ने डस लिया। जिससे सात वर्षीय बेटी की मौत हो गई है। जबकि गंभीर हालत में पिता को हमीरपुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। पुलिस ने बेटी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
वीरवार रात उमेश कुमार (42) निवासी सीताबड़ी, बिहार अपने कमरे में परिवार सहित गांव नाल्टी में किराये के मकान में सोया हुआ था। इस दौरान उसकी सात वर्षीय बेटी सोनू (7) और वह एक चारपाई पर, जबकि उसके तीन अन्य बच्चे और पत्नी अलग चारपाई पर सोये थे। इसी दौरान घर में कहीं से सांप घुस गया और रात करीब 11 बजे सांप ने उमेश और उसकी बेटी सोनू को डस लिया। चिल्लाने पर जब उसके परिजन उठे तो उसने उन्हें सर्पदंश होने की बात बताई। इतने में परिवार सदस्यों ने स्थानीय पंचायत प्रधान को इसकी सूचना दी और घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर ले आए। लेकिन, बेटी सोनू की रास्ते में ही मौत हो गई। जबकि पिता को गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से उसे मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया है। वहीं स्थानीय पंचायत प्रधान ज्योति प्रकाश ने इस बारे में पुलिस थाना हमीरपुर में सूचना दी। पुलिस ने बेटी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसएचओ संजीव गौतम का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्जकर बेटी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।