बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।
- फोटो : Hamirpur-HP
बिझड़ी (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रविवार को 12 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में शीश नवाया। श्रद्धालु बाबा के जयकारों के साथ गुफा की ओर बढ़ते रहे और बारी आने पर माथा टेककर बाबा का आशीर्वाद लिया। रविवार दिन के समय दोपहर बाद तक मौसम साफ रहने के चलते मंदिर में श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही। सुबह से ही मंदिर में कतारें लगना शुरू हो गईं। श्रद्धालु शनिवार को ही बाबा के दरबार में उमड़ना शुरू हो गए और शनिवार रात से ही मंदिर में माथा टेका।
श्रद्धालुओं को बिना मास्क मंदिर में प्रवेश निषेध है। मंदिर प्रशासन ने सरायों को आधी क्षमता के साथ खोल दिया है। सावन माह होने के चलते मंदिर में भक्तों का खूब तांता लग रहा है। पंजाब के अधिकतर श्रद्धालु बाइक व साइकिल पर बाबा बालक नाथ के दर्शनों को पहुंचते हैं। उसके पश्चात हिमाचल की अन्य पांचों शक्तिपीठों के दर्शनों को जाते हैं।
शनिवार और रविवार के चलते मंदिर को 24 घंटे खुला रखा गया। मंदिर के अतिरिक्त अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि शनिवार रात से श्रद्धालु पहुंचना शुरू हुए थे। करीब 12 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका है। तीन बार मंदिर की रेलिंग को साफ किया जा रहा है।