रविवार को लगभग खाली पड़ा हमीरपुर बाजार।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। जिले में रविवार को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के दो चिकित्सकों समेत 116 लोग कोरोना संक्रमित निकले हैं। इनमें से रैपिड एंटीजन टेस्ट में 37 और आरटीपीसीआर में 79 लोग संक्रमित पाए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्निहोत्री ने बताया कि रविवार को जिले में रैपिड एंटीजन टेस्ट के लिए कुल 172 सैंपल लिए गए। जिनमें से 110 पॉजिटिव निकले। वहीं, 79 लोग आरटीपीसीआर में संक्रमित पाए गए हैं। जिले में कुल मामले 21742 हो गए हैं। इनमें से 923 एक्टिव हैं जबकि 20505 ठीक हो चुके हैं। वहीं, 313 की संक्रमण के कारण मौत हो चुकी है।
डॉ. अग्निहोत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे मास्क के बगैर बाहर न निकलें, आपस में पर्याप्त दूरी बनाकर रखें, कहीं पर भी भीड़ इकट्ठी न करें और हाथों की स्वच्छता का ध्यान रखें। अगर खांसी, जुकाम और बुखार जैसे लक्षण सामने आते हैं तो तुरंत अपने आपको आइसोलेट कर लें तथा अपना टेस्ट करवाएं।