सुजानपुर और भोरंज में भी तीन-तीन सड़कें बंद, दोपहर बाद हुईं बहाल
कई जगह पर बिजली के खंभे टूटे, टौणी देवी में टेंपो पर गिरा पेड़, बारिश से हो रहा नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिले और प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में बुधवार रात हुई भारी बारिश ने काफी तबाही मचाई। एक रात की भारी बारिश से विभिन्न विभागों को करोड़ों की चपत लगी है। कई पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। सुजानपुर में तीन और भोरंज में भी तीन सड़कें बंद रहीं। हालांकि, वीरवार को इन सड़कों को बहाल कर दिया गया। उपमंडल सुजानपुर में सुजानपुर-संधोल मुख्य मार्ग गांव पलाही, बजाहर और सचूही के पास अवरुद्ध हो गया था। जंगलबैरी-कक्कड़-टौणीदेवी सड़क भी जगह-जगह अवरुद्ध हो गई थी। भोरंज क्षेत्र में भी खरवाड़-धमरोला संपर्क मार्ग बंद हुआ था। लोक निर्माण विभाग ने तुरंत मशीनरी और मजदूर लगाकर इन सड़कों को बहाल कर दिया है। वहीं, जल शक्ति विभाग की ब्यास नदी किनारे 10 सिंचाई और 12 पानी की योजनाएं जिला हमीरपुर में बाधित हो गईं हैं।
नदी में गाद के कारण पानी की आपूर्ति नहीं हुई। हमीरपुर मंडल में एक शहरी और 15 ग्रामीण पेयजल योजनाएं प्रभावित हुईं। शहर में चार लाख रुपये का नुकसान और ग्रामीण क्षेत्रों में एक करोड़ 75 लाख रुपये का नुकसान हुआ। कई जगह तेज बारिश और अंधड़ से बिजली के खंभे तो कहीं पेड़ टूट गए। इससे कई गांवों में अंधेरा पसर गया। उपमंडल टौणी देवी के तहत टिक्करी सेक्शन के कई स्थानों पर लाइनें टूट गई थीं। टिक्करी में एक बिजली का खंभा टूट गया और धरायाड़ा, जंडल और घलेड़ा आदि गांवों को जाने वाली बिजली की लाइनों पर कहीं बांस के पेड़ और अन्य पेड़ों की वजह से तार आपस में ही उलझ गए। घलेड़ा गांव का तो ट्रांसफार्मर ही जल गया। बिजली बोर्ड ने कड़ी मशक्कत से इन गांवों की बिजली आपूर्ति दोपहर तक बहाल कर दी। कनिष्ठ अभियंता अमित ठाकुर ने बताया कि खराबी ढूंढ कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। अवाहदेवी क्षेत्र के तहत ग्राम पंचायत दाड़ी में भमनोह गांव में बारिश और अंधड़ से खासा नुकसान हुआ है। यहां पर आटा मिल का टेंपो सड़क किनारे खड़ा था। इस पर बहुत बड़ा पेड़ गिर गया। इससे टेंपो का नुकसान हो गया है।
जिले में 200 ट्रांसफार्मर हुए प्रभावित
जिले में 200 ट्रांसफार्मर बारिश के चलते प्रभावित हुए हैं। प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक बोर्ड को एक रात की बारिश से पांच लाख के करीब नुकसान हुआ है। दर्जनों पंचायतों में रात को बिजली प्रभावित हो गई थी लेकिन अधिकतर ट्रांसफार्मर और लाइनों की मरम्मत कर ली गई है। बड़सर मंडल के तहत छह से सात ट्रांसफार्मर के तहत लाइनों की मरम्मत का कार्य जारी है।
ब्यास के उफान से नादौन में सहमे लोग
ज्वालाजी से औद्योगिक क्षेत्र की ओर जाने वाली सड़क नदी में समाई
कांगू(हमीरपुर)। ब्यास नदी में आई बाढ़ ने फिर से लोक निर्माण, जल शक्ति विभाग और बिजली बोर्ड की चिंता बढ़ा दी है। नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। वार्ड नंबर दो की सड़क जो ब्यास नदी किनारे से होकर ज्वालाजी तथा औद्योगिक क्षेत्र की ओर निकलती है और यह सड़क अभी तक निर्माणाधीन थी। फिर से ब्यास नदी में समा गई है। अब लोगों को कई दिनों तक मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। गत वर्ष भी नादौन क्षेत्र में ब्यास नदी में आई भयंकर बाढ़ के चलते कोहला तथा वार्ड नंबर एक में बनाई गई सभी पेयजल योजनाएं नदी में समा गई थीं।