सांसद अनुराग ठाकुर ने वीरवार को दुल्हन की तरह सजाई गई ऊना-नांदेड़ साहिब सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह रेल हर वीरवार को दोपहर बाद 3.30 बजे रवाना होगी। इस दौरान सांसद बिमला कश्यप और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती भी मौजूद रहे।
वहीं, रेलवे के समारोह से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और अन्य पार्टी पदाधिकारियों ने दूरी बनाए रखी। कांग्रेस का कोई भी नेता कार्यक्रम में नहीं पहुंचा।
दोपहर बाद ऐतिहासिक ट्रेन को रवाना करने की व्यवस्था देखने अंबाला से रेलवे के डीआरएम अनिल कुमार कुठपाला विशेष ट्रेन से ऊना पहुंचे।
शाम को 3.10 पर सांसद अनुराग ठाकुर, राज्यसभा सांसद बिमला कश्यप और प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती रेलवे स्टेशन पहुंचे। इस दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोडे़।
प्रवेशद्वार पर डीआरएम समेत अन्य अधिकारियों ने अनुराग ठाकुर और बिमला कश्यप को पुष्पगुच्छ भेंट किए।
रेलवे प्लेटफार्म पर बने मंच पर डीआरएम ने अनुराग ठाकुर, बिमला कश्यप और सतपाल सत्ती का अभिनंदन किया।
उन्होंने ट्रेन को ऊना से शुरू करवाने का श्रेय अनुराग को दिया। सतपाल सत्ती और बिमला कश्यप ने इस क्षण को हिमाचल के रेल विस्तार में स्वर्णिम पल करार दिया।
सांसद ने रेलवे विभाग के सहयोग की सराहना की और रेल मंत्रालय के साथ समस्त केंद्रीय मंत्रियों का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से यह ट्रेन हिमाचल के लोगों को समर्पित हो पाई है। शाम को 3.30 पर ऊना-नांदेड़ साहिब हजूर साहिब ट्रेन को अनुराग और बिमला कश्यप ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इसके उपरांत सांसद ने जनहित मोर्चा के मंच से जनता को नांदेड़ साहिब ट्रेन शुरू होने की बधाई दी।