बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश भागों में जमकर बारिश हुई है। आधी रात के बाद तेज हवाओं व बादलों की गर्जना के साथ जहां तेज बारिश हुई, वहीं ऊंचाई वाले स्थानों पर ताजा हिमपात हुआ। किन्नौर, लाहौल और चंबा के भरमौर में बर्फबारी हुई है।
केलांग में 14 सेंटीमीटर बर्फ गिरी, वहीं तीसा में 10 और कल्पा में 2 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी रिकार्ड हुई है। देहरागोपीपुर में 48 मिमी बारिश, नगरोटा सूरियां और घमरूर में 28, सलूणी 27, नादौन 24, अंब 22, बंगाणा 19, हमीरपुर व गुलेर 17, नूरपुर व ऊना 16, डलहौजी 15, राजगढ़ 14, धर्मशाला व मेहरे 13, अर्की और मंडी 12 और भोरंज 10, शिमला 6.9, सुंदरनगर 7.6, भुंतर 1.3, नाहन 1.9, मनाली 5.6 सेंटीमीटर तक बारिश हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 24 घंटों में मौसम साफ हो जाएगा और आगामी पांच दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हुई इस बारिश व बर्फबारी के बाद न्यूनतम तापमान में भी कमी दर्ज की गई है।
राजधानी शिमला का न्यूनतम तापमान जहां 3.2 डिग्री रहा, वहीं सुंदरनगर 9.6, भुंतर 7.3, कल्पा -2.0, धर्मशाला 8.2, ऊना 12.4, नाहन 8.2, केलांग -2.7, पालमपुर 8.0, सोलन 7.0, मनाली 3.2 और सलूणी 1.5 डिग्री रहा। बुधवार को सबसे अधिक तापमान सुंदरनगर का रहा। यहां का तापमान 24.9 डिग्री रिकार्ड किया गया।
शिमला के 34 रूट फेल
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी के बाद एक बार फिर राजधानी से ऊपरी शिमला के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। बर्फबारी के कारण एचआरटीसी के 34 रूट फेल हुए हैं। ठियोग हाटकोटी रोहड़ू मार्ग व देहा चौपाल मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग 22 पर नारकंडा में बुधवार को दिन भर जाम की स्थिति बनी रही।
चंबा में आधा दर्जन सड़कें ठप
दो दिन से हो रही बारिश के कारण चंबा जिले के आधा दर्जन मार्ग बंद हो गए हैं। चंबा-भरमौर, चंबा-जोत, चंबा बैरागढ़, भंजराड़ू बैरागढ़-देवी कोठी और चंबा-तीसा मार्ग पर वाहन नहीं चल पाए। वहीं, विकास खंड सूलणी, रजेरा, पुखरी और चंबा के ऊपरी इलाकों में मंगलवार रात को तेज तूफान आने से तीन दर्जन के करीब लोगों के घरों की छतें उड़ गई हैं।