कांगड़ा में पंचायत हार के एक युवक ने एक फौजी पर भर्ती के नाम पर लाखों हड़पने का आरोप लगाया है।
युवक ने मंगलवार को आरोपी फौजी के खिलाफ थाना देहरा में शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस ने मामला दर्ज करके बाद जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार विपिन कुमार (21) पुत्र अमर सिंह निवासी हार ने एक स्थानीय व्यक्ति पर आरोप लगाया है कि आरोपी से मुलाकात कुछ समय पहले हुई थी।
आरोपी ने युवक को बताया कि वह आजकल पठानकोट में क्लर्क के पद पर तैनात है। उसने युवक को झांसा दिया कि वह उसे फौज में भर्ती करवा देगा। लेकिन इसकी एवज में उसे करीब ढाई लाख रुपए देने होंगे। युवक मान गया।
पुलिस ने बताया कि इसी साल मार्च माह में आरोपी युवक को पठानकोट ले आया। वहां से उसे माधोपुर ले गया। मार्च माह में माधोपुर स्थित आर्मी के एक बड़े मैदान में खुली भर्ती का आयोजन हुआ था।
युवक ने वहां पर दौड़ सहित फौज में भर्ती होने के लिए अन्य सभी गतिविधियां पूरीं कर लीं। युवक से आरोपी ने प्रमाण पत्र भी ले लिए और कहा कि प्रमाण पत्रों को वह अपने ताया के जरिए भिजवा देगा।
साथ ही एक माह बाद इलाहाबाद में ज्वाइन करने का लेटर आ जाएगा।
जब एक-दो माह बाद कोई ज्वाइनिंग का लेटर नहीं आया तो परिवार वालों ने ठगी का एहसास हुआ। आरोपी युवक फौज में कार्यरत है या नहीं, इसकी सही जानकारी पीड़ित परिवार को नहीं है।
उसके बाद परिजनों ने थाना देहरा में शिकायत दर्ज करवाई। डीएसपी बीडी भाटिया ने बताया कि पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया है तथा जांच शुरू कर दी है।