धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में आयोजित जनसभा में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
केंद्रीय सूचना प्रसारण और युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा प्रदेश के चार लोकसभा सीटों में चौका और छह हलकों के उपचुनाव में जीत का छक्का लगाएगी। उन्होंने कहा कि धर्मशाला से भाजपा प्रत्याशी सुधीर शर्मा का छक्का बाउंड्री से पार जाएगा। दावा किया कि वह चुनाव में पहले की तुलना में दोगुने मतों से जीतकर कामयाब होंगे।
मंगलवार को धर्मशाला में भाजपा प्रत्याशी सुधीर शर्मा के नामांकन के दौरान अनुराग ने विशेष उपस्थिति दर्ज करवाई। इस दौरान मीडिया से बातचीत में अनुराग ने कहा कि मुझे याद है कि जब सुधीर शर्मा ने पहला उपचुनाव लड़ा। तब पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल चाहते थे कि वह भाजपा में हों, लेकिन आज जब सुधीर शर्मा भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं तो हमारे कार्यकर्ता और धर्मशाला की जनता मिलकर उनकी जीत सुनिश्चित करेगी। उनका धर्मशाला को स्मार्ट सिटी बनाने का सपना मिलकर पूरा करेंगे। सुधीर ने धर्मशाला की जनता के मान-सम्मान और स्वाभिमान के लिए अपने साढ़े तीन साल के कार्यकाल को पीछे छोड़कर बड़ा निर्णय लिया है।
इस बार लोकसभा और विधानसभा में डबल कमल खिलेगा। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद जोरावर स्टेडियम में भी अनुराग ठाकुर ने भाजपा प्रत्याशी के लिए आयोजित चुनावी जनसभा में हिस्सा लिया। इस मौके पर उनके साथ भाजपा प्रत्याशी सुधीर शर्मा, भाजपा में शामिल हुए सुभाष चंद मंगलेट, राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार, विधायक पवन काजल, पूर्व विधायक अरुण कूका और सह मीडिया प्रभारी विश्व चक्षु समेत अन्य मौजूद रहे।