निर्वासित तिब्बत सरकार के प्रधानमंत्री के रूप में पेंपा सेरिंग ने बुधवार को दूसरी बार शपथ ग्रहण की। हाल ही में संपन्न चुनाव में दोबारा निर्वाचित होने के बाद उन्होंने मैक्लोडगंज स्थित चुगलाखंग बौद्ध मठ में समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। समारोह में तिब्बती धर्मगुरु दलाईलामा विशेष रूप से मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के बाद पेंपा सेरिंग ने कहा कि दूसरी बार जिम्मेदारी मिलने के बाद उनकी प्राथमिकता तिब्बत-चीन विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकालना होगी। इसके लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से सहयोग की अपील की जाएगी। उन्होंने कहा कि भारत सहित विभिन्न देशों में रह रहे तिब्बतियों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उनकी सरकार का अहम लक्ष्य रहेगा। पेंपा सेरिंग ने कहा कि भारत के 10 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में बड़ी संख्या में तिब्बती समुदाय रह रहा है। इसके अलावा विदेशों में भी तिब्बती आबादी निवास कर रही है। ऐसे में प्रशासन को और अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने की जरूरत है।