हिमाचल प्रदेश में भाजपा विधायक सुधीर शर्मा, राजेंद्र राणा और होशियार सिंह की ओर से मानहानि मामले में प्रतिवादी मुख्यमंत्री सुक्खविंद्र सिंह सुक्खू की ओर से दायर जवाब को जल्द रिकॉर्ड पर लाने को कहा गया है।
प्रतिवादी की ओर से पेश अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि लिखित बयान बहुत पहले ही दाखिल किया जा चुका है लेकिन रिकॉर्ड पर नहीं आया है। न्यायाधीश सत्येन वैद्य की अदालत इस मामले की सुनवाई कर रही है। सुक्खू की ओर से निजी तौर पर वरिष्ठ अधिवक्ता अनूप रत्तन पेश हुए। इस मामले की सुनवाई 8 मई को होगी। धर्मशाला से भाजपा प्रत्याशी सुधीर शर्मा की ओर से सुखविंद्र सिंह सुक्खू के खिलाफ मानहानि मामला दायर किया गया है।
प्रार्थियों की ओर से मुख्यमंत्री पर उनके खिलाफ विवादित बयानबाजी का आरोप है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री ने चुनाव के दौरान अपने भाषणों में बार-बार उन पर कीचड़ उछाला। उन्होंने अपने भाषणों में कई अपमानजनक टिप्पणियां की हैं। इससे उनकी समाज में इज्जत को आघात पहुंचा है। इसी के खिलाफ इन सब ने हाईकोर्ट में मानहानि का मामला दायर किया है।