हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रधानमंत्री कल (मंगलवार) आएंगे और सर्वेक्षण करेंगे। सर्वेक्षण के बाद, उनके साथ एक प्रेजेंटेशन है। निश्चित रूप से, जब प्रधानमंत्री आते हैं, तो हमेशा उम्मीद रहती है। जब वह धरातल पर आएंगे और देखेंगे, तो वे स्थिति का आकलन करेंगे। हमें विशेष राहत पैकेज की उम्मीद है। हमने कई बार कहा है कि एक विशेष राहत पैकेज दिया जाना चाहिए। नुकसान का अनुमान 5 हजार करोड़ तक है और यह इससे ज्यादा भी बढ़ सकता है, क्योंकि पंचायत में कई सड़कें हैं टूटी हुई हैं।
जिला चंबा में आपदा में हुए नुकसान का अंतर मंत्रालयी केंद्रीय टीम ने लिया जायजा
भारी बारिश, भूस्खलन के कारण हुई क्षति का जायजा लेने के लिए केंद्र सरकार की एक अंतर मंत्रालयी टीम ने सोमवार को जिला चंबा का दौरा किया। टीम ने जिले के विभिन्न उपमंडलों में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर आपदा से हुए नुकसान का विस्तृत जायजा लिया। दोपहर बाद टीम ने जिले के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उपायुक्त ने टीम को बताया कि चंबा में हुई भारी वर्षा के कारण करीब 434.32 करोड़ रुपये की क्षति हुई है। केंद्रीय टीम के अधिकारियों ने जिला प्रशासन व विभागीय अधिकारियों को आश्वासन दिया कि जिला चंबा में आपदा से हुए नुकसान की विस्तृत आकलन रिपोर्ट केंद्र सरकार के संबंधित विभागों में प्रस्तुत कर शीघ्र राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मनरेगा में मजदूरों के कार्यदिवस बढ़ाने संबंधी प्रस्ताव केंद्र सरकार को शीघ्र भेजे जाएं। आपदा से बचाव व रोकथाम के लिए भी और अधिक प्रयास करने की आवश्यकता है। इस अवसर पर अंतर मंत्रालयी केंद्रीय टीम से व्यय मंत्रालय के उप सचिव कमलदीप वी पटेल, ग्रामीण विकास मंत्रालय के अंडर सेक्रेटरी दीप शेखर सिंघल, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, एसडीएम प्रियांशु खाती, सहायक आयुक्त अपराजिता चंदेल सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।