जिला सिरमौर में नशा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चल रहा है। इसी अभियान के तहत गुप्त सूचना मिलने पर ग्राम भगवानपुर में मां-बेटी से 14.19 ग्राम चिट्टा-स्मैक मादक पदार्थ और 8500 रुपये नकदी बरामद की गई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत माजरा थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को वीरवार, 13 नवंबर को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार सिरमौर की पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी, कि दो महिलाएं चिट्टा तस्करी में संलिप्त हैं।
इसके बाद टीम ने शहीदा बेगम निवासी ग्राम भगवानपुर पावंटा साहिब तथा उसकी बेटी हसीन फातिमा निवासी गांव फेजपुर ताजेवाला जिला यमुनानगर हरियाणा की ग्राम भगवानपुर में तलाशी ली। मां-बेटी हसीन फातिमा तथा शहीदा बेगम के कब्जे से 14.19 ग्राम चिट्टा-स्मैक मादक पदार्थ तथा कुल 8500 रुपये नकदी भी बरामद करने में सफलता प्राप्त कर ली है। दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। माजरा थाना में दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि माजरा थाना पुलिस टीम इस मामले की तफ्तीश में जुटी है। दोनों महिला आरोपी वीरवार को अदालत में पेश किया जाएगा। आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड मिलने पर पूछताछ में पता चल सकेगा कि ये स्मैक कहां से लेकर आते है व किन-किन लोगों को बेचते हैं। नशे के खिलाफ पुलिस की कड़ी कार्यवाही भविष्य में भी जारी रहेगी।