हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में नए मुख्य न्यायाधीश राजीव शकधर के सम्मान में 25 सितंबर को 12:10 बजे एक फुल कोर्ट स्वागत भाषण होगा। इसमें मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजीव शकधर का स्वागत होगा। मुख्य न्यायाधीश बुधवार को उच्च न्यायालय में अपना पदभार ग्रहण करेंगे। इस संबध में रजिस्ट्रार जनरल की ओर से सूचना जारी की गई है।
आज राजभवन में शपथ लेंगे नए मुख्य न्यायाधीश राजीव शकधर
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश जस्टिस राजीव शकधर बुधवार सुबह 11:15 बजे राजभवन शिमला में शपथ लेंगे। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल नए मुख्य न्यायाधीश को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। जस्टिस शकधर 11 अप्रैल 2008 को दिल्ली हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में नियुक्त हुए थे।
जस्टिस राजीव देश के वरिष्ठतम न्यायाधीशों में शामिल हैं। उधर, झारखंड हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए गए प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एमएस रामचंद्र राव के सम्मान में सोमवार को विदाई समारोह का आयोजन हुआ। जस्टिस एमएस रामचंद्र राव को 30 मई 2023 को हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में स्थानांतरित किया गया था।