सलूणी (चंबा)। ग्राम पंचायत सलूणी की खरोटी पंचायत में पुलिस ने दुकान से 22 पेटी अवैध शराब पकड़ी है। दुकानदार काफी समय से दुकान में अवैध शराब बेचने का धंधा कर रहा था। इसको लेकर पुलिस के पास शिकायतें मिल रही थी। बुधवार शाम को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दुकानदार ने दुकान में अवैध शराब छुपा रखी है।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। दुकान की तलाशी करने पर पुलिस को 22 पेटी शराब बरामद हुई। इसको लेकर दुकानदार के पास कोई लाइसेंस नहीं था। इसके चलते पुलिस ने शराब को अवैध करार देते हुए जब्त कर लिया। साथ ही दुकानदार के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया। डीएसपी शेर सिंह राणा ने बताया कि दुकानों और अन्य जगह अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई कर रही है।
भविष्य के लिए पुलिस थाना किहार और अन्य चौकियों की टीमों को आदेश दिए गए हैं कि वे इलाके में होने वाली अवैध शराब की तस्करी पर नजर रखें। जो भी अवैध रूप से शराब बेचने या सप्लाई को अंजाम देता है तो उसके खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाए।