चंबा। अधिकारियों पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की टिप्पणी पर भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जब हिमाचल के एक अधिकारी ने मानसिक तनाव से तंग आकर सुसाइड किया और इस मामले की निष्पक्ष जांच करने वाले आईएएस अधिकारी ओंकार शर्मा को सरकार ने सभी पदों से हटा दिया, तब लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को हिमाचल के अधिकारियों की याद नहीं आई।
चंबा में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि केवल राजनीति षड्यंत्र के चलते मंत्री इस प्रकार की बयानबाजी कर रहे हैं, ताकि प्रदेश की जनता का ध्यान सरकार की नाकामी से हटाकर इन मुद्दों पर लगाया जा सके। इससे पहले भी लोक निर्माण मंत्री इस प्रकार की बयानबाजी कर चुके हैं। एक बार तो उन्होंने मंत्रिमंडल छोड़ने के लिए त्यागपत्र तक दे दिया, लेकिन बाद में फिर से उसी कुर्सी पर बैठ गए। आईएएस और आईपीएस अधिकारी देश में कहीं भी अपनी सेवाएं दे सकते हैं। ऐसे में उन्हें इस प्रकार के विवादों में घेरना हास्यजनक है।