बनीखेत (चंबा)। पुलिस ने कुरिअर सेवा के जरिये अवैध गतिविधियों, नशे और गैरकानूनी सामग्री के परिवहन की आशंका के चलते बनीखेत में वीरवार को कंपनियों के कार्यालयों और स्टोरों पर जांच की। बुधवार को शहर में पार्सलों और रिकॉर्ड की जांच के बाद पुलिस टीम बनीखेत पहुंची। हालांकि इस दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
जानकारी के अनुसार प्रदेश सरकार के निर्देश पर जिले में पुलिस ने लोगों की सुरक्षा, सतर्कता और जन-विश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से कुरिअर और ई-कार्ट सेवाओं को लेकर निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान कुरिअर कंपनियों के सभी अभिलेखों और रजिस्टरों की जांच की। साथ ही पार्सलों की बुकिंग प्रक्रिया, प्रेषक और प्राप्तकर्ता के विवरण और पहचान पत्रों का सत्यापन किया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने विशेष रूप से संभावित अवैध गतिविधियों, नशे और गैरकानूनी सामग्री के परिवहन पर नजर रखी।
जिला पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि अब तक की गई जांच में कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक गतिविधि सामने नहीं आई है, जो जिले के लिए सकारात्मक संकेत है। यह अभियान न केवल कुरिअर सेवाओं की पारदर्शिता बढ़ाएगा बल्कि आमजन में सुरक्षा को लेकर विश्वास भी मजबूत करेगा। भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण जारी रहेंगे। पुलिस अधीक्षक ने लोगों और सेवा प्रदाताओं से सहयोग का आग्रह किया है कि नशे और अपराध पर प्रभावी अंकुश तभी संभव है, जब समाज और प्रशासन मिलकर कार्य करें।