वेब पर न चलाएं
बाइक देखकर बच्चा घबराया तो पिता-पुत्र ने युवक को पीटा
जुखराड़ी गांव में कहासुनी के बाद मारपीट, युवक के सिर पर आई चोट पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
बीच-बचाव कर ग्रामीणों ने छुड़ाया, घायल को लहूलुहान हालत में पहुंचाया मेडिकल कॉलेज
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जुखराड़ी गांव में रविवार को बाइक देखकर एक बच्चे के घबरा जाने पर विवाद हो गया। आरोप है कि बच्चे के पिता और दादा ने बाइक चालक युवक की लात-घूंसों से पिटाई कर दी। मारपीट में युवक के सिर पर चोट आई और वह लहूलुहान हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा ले गए।
जानकारी के अनुसार जुखराड़ी निवासी कृष बाइक लेकर जा रहा था। इसी दौरान बाइक को देखकर एक बच्चा घबरा गया। इस बात पर बच्चे के पिता रंजीत और दादा कमलेश निवासी सरेंई ने युवक से बहस शुरू कर दी। कृष ने बार-बार कहा कि उसकी बाइक बच्चे से नहीं टकराई है, लेकिन आरोप है कि दोनों ने उसकी बात अनसुनी कर मारपीट शुरू कर दी। युवक की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मेडिकल कॉलेज पहुंची और घायल युवक के बयान दर्ज किए। पुलिस ने दूसरे पक्ष के भी बयान कलमबद्ध किए। सोमवार को युवक, बच्चे, उसके पिता और दादा का मेडिकल परीक्षण करवाया गया।
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दोनों पक्षों के मेडिकल परीक्षण करवाए गए हैं। चिकित्सकों की रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस आगामी जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगी।