चंबा-साहो मार्ग पर साल खड्ड में गिरे ट्राले और सामान को निकालने के दौरान लगा वाहनों का जाम।संवा
साहो (चंबा)। चंबा-साहो मार्ग पर 12 घंटे तक वाहनों की रफ्तार थमी रही। यह नौबत तब आई जब भूरि सिंह पावर हाउस के पास चार दिन पहले साल खड्डे में गिरे ट्राले को क्रेेनों की मदद से बाहर निकाला जा रहा था। खैर, मार्ग पर वाहनों की रफ्तार बंद होने से दो दर्जन पंचायतों के लोगों को जिला मुख्यालय का रुख करने के लिए वाया सरोथा नाला-टीबी वार्ड-हरदासपुरा होकर पहुंचना पड़ा। वहीं शहर से होकर ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों, स्वास्थ्य संस्थानों, पशु औषधालयों में तैनात शिक्षकों और कर्मचारियों को दो से चार किलोमीटर लंबा सफर तय कर पहुंचना पड़ा। मार्ग पर आवाजाही बंद होने से लोग शासन-प्रशासन की लचर सेवाओं को कोसते दिखे।
गौरतलब है कि बीते शनिवार को चंबा-साहो मार्ग पर पावर हाउस के पास सामान से लदा ट्राला साल खड्डे में गिरने से चालक की मौत हो गई थी। अब कंपनी प्रबंधन की ओर से साल खड्ड से ट्राले को निकालने का कार्य मंगलवार देररात मध्य रात्रि 12:00 बजे आरंभ किया गया। हांलाकि, क्रेनों के जरिये खड्डे में गिरे सामान को तो निकाल लिया गया लेकिन ट्राले को निकालने की प्रक्रिया बुधवार दोपहर 12:00 बजे तक पूरी नहीं हो पाई। इसके बाद खड्ड से ट्राले को निकालने का कार्य बंद कर दिया गया। ऐसे में चंबा से साहो और साहो से चंबा की तरफ आने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को संपर्क मार्ग वाया सरोथा होकर ही शहर में प्रवेश करना पड़ा। नेक राज, हरीश कुमार, प्रताप चंद, हेमराज, सुनील कुमार, अजय कुमार आदि ने बताया कि कंपनी प्रबंधन को देररात खड्ड से ट्राले को निकालने का कार्य करना चाहिए जिससे लोगों को मार्ग से आवाजाही करने में परेशानी न हो। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता कुमुद उपाध्याय ने बताया कि बुधवार दोपहर बाद मार्ग को यातायात के लिए बहाल करवा दिया गया था।