ताजपोशी के लिए मुख्यमंत्री सहित तमाम आला नेताओं का जताया आभार
राष्ट्रीय बचत सलाहकार बोर्ड के गैर सरकारी सदस्य बनाए हैं करतार ठाकुर
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। प्रदेश सरकार ने चंबा के कांग्रेस नेता करतार ठाकुर को राष्ट्रीय बचत सलाहकार बोर्ड का गैर सरकारी सदस्य बनाया है। उनकी ताजपोशी से कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है।
तीन साल से समर्थक सरकार में उन्हें बड़ा पद देने की मांग कर रहे थे। ताजपोशी के लिए करतार ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, सदर के विधायक नीरज नैय्यर, पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी और पूर्व वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी का आभार जताया है।
उन्होंने कहा कि उनकी नियुक्ति से जमीन स्तर पर पार्टी से जुड़े कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का मनोबल बढ़ा है। जिस विश्वास के साथ पार्टी ने उन्हें यह जिम्मेदारी दी है, उसे निभाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। समस्त नागरिकों को लघु बचत योजनाओं से जोड़ने और वित्तीय आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए सलाहकार बोर्ड की अहम भूमिका रहती है। हर नागरिक तक इसकी पहुंच बनाने के लिए वह पूरे प्रयास करेंगे। साल 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में वह भी सदर की सीट से कांग्रेस टिकट के दावेदार थे लेकिन जब पार्टी ने नीरज नैय्यर को टिकट दिया तो उन्होंने अपने प्रत्याशी को जीत दिलाई। हालांकि, 2027 में वह फिर से टिकट के लिए आवेदन कर सकते हैं।