चंबा लक्ष्मीनारायण मंदिर प्रवेश द्वार के बाहर गिरता लेंटर से बहता पेयजल।संवाद
चंबा। शहर के कई मोहल्लों में पेयजल की आपूर्ति नियमित नहीं हो पा रही है, जबकि ऐतिहासिक लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर के बाहर पेयजल पाइपलाइन कई दिन से लीक हो रही है। इस वजह से हजारों लीटर पानी सुबह-शाम नालियों में बह रहा है। साथ ही मंदिर परिसर की टंकियां ओवरफ्लो होने से पानी की निरंतर धारा निकल रही है, जिससे मंदिर परिसर से होकर चर्चा रोड की ओर जाने वाले राहगीरों को पानी की बौछार से बचकर निकलना पड़ता है। हटनाला वार्ड के पार्षद और स्थानीय निवासी जल शक्ति विभाग के कार्यालय में कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अभी तक मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। स्थानीय लोग विभाग के उदासीन रवैये से काफी खिन्न हैं और अब विभागीय कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करने की भी योजना बना रहे हैं।
हजारों लीटर पेयजल व्यर्थ नाली में बह रहा है। कई बार विभाग से शिकायत की गई, लेकिन लीक पेयजल लाइन की मरम्मत विभाग करने में नाकाम रहा है। संजय कुमार, स्थानीय निवासी
लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर से पानी की टंकी ओवरफ्लो होने से सड़क पर पानी का झरना बहता रहता है। न तो विभाग और न ही ट्रस्ट प्रबंधन इसे ठीक करवा पाया है। विजय मल्होत्रा, स्थानीय निवासी
शहर में पेयजल की आपूर्ति सुचारु करने में विभाग नाकाम हो जाता है। साथ ही लीक पेयजल लाइनों की मरम्मत करना विभाग जरूरी नहीं समझता है। कुल मिलाकर विभाग के हित को देखते हुए विभाग को अपना कार्य करना चाहिए। दीपक पांडे, स्थानीय निवासी
मोहल्ले में विभाग के उदासीन रवैये को लेकर मोहल्लावासी काफी खिन्न है। कई बार विभाग से लीक पेयजल लाइन को लेकर शिकायतें की जा चुकी है, लेकिन समस्या जस की तस हैं। धीरज बडयाल, वार्ड पार्षद हटनाला
पेयजल की लाइन लीक होने की शिकायत मिली है। समस्या का जल्द समाधान करवा दिया जाएगा, जिससे पानी की बर्बादी न हो। दीपक भारद्वाज, सहायक अभियंता, जल शक्ति विभाग, सबडिवीजन चंबा