तीसा (चंबा)। सिविल अस्पताल तीसा और तीसागढ़ गांव में एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति बंद पड़ी हुई है। इसके चलते मरीजों और तीमारदारों सहित ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल और गांव में पानी की आपूर्ति न होने से लोगों को डेढ़ किलोमीटर का सफर तय कर प्राकृतिक जल स्रोत से पानी ढोना पड़ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक कई बार जलशक्ति विभाग के कर्मचारियों से समस्या का समाधान करने की मांग उठाई गई लेकिन, पानी की सप्लाई सुचारु नहीं हो पाई है। ऐसे में ग्रामीणों ने अब जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता से अस्पताल और गांव में पानी की सप्लाई को जल्द सुचारु करवाने की मांग की है।
गौरतलब है कि चुराह विस क्षेत्र की 55 पंचायतों की डेढ़ लाख की आबादी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए सिविल अस्पताल तीसा पर ही निर्भर है। 50 बेड के अस्पताल में एक सप्ताह से पानी की आपूर्ति बंद है। नतीजतन, लोगों को पेयजल सहित अन्य इस्तेमाल के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में लोगों को दुकानों और स्थानीय लोगों से पानी मांग कर पीना पड़ रहा है। वहीं, तीसागढ़ गांव के की तीन सौ परिवार भी डेढ़ किमी दूरस्थ स्थित प्राकृतिक पनघट से पानी ढोने के लिए मजबूर हैं।
ग्रामीण प्रमोद कुमार, नरेश कुमार, कपिल कुमार, योगराज, प्रताप चंद और अशोक कुमार ने कहा कि एक सप्ताह से पानी न आने से उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन्होंने जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता से अस्पताल और गांव में पानी की सप्लाई को सुचारु करने की मांग की है।
जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता केवल कुमार ने कहा कि अमरेड़ नाले में भारी बारिश से लाइन टूटने से समस्या हुई है, जिसे देरशाम तक रिस्टोर करवा दिया जाएगा।