सलूणी (चंबा)। चंबा-जम्मू सरहद पर लंगेरा के पास पुलिस ने जड़ी-बूटी से लदी दो और पिकअप को पकड़ा है। जड़ी-बूटी की सप्लाई जेएंडके से चंबा लाई जा रही थी। इसका उनके पास कोई लाइसेंस भी नहीं था। लंगेरा चेकपोस्ट पर जब दोनों पिकअप गाड़ियों को चेकिंग के लिए रोका गया तो उनके अंदर रखी साठ किलो बन काकडू और सलम मिसरी (जड़ी-बूटी) बरामद की गई। इसकी सप्लाई करने को लेकर पिकअप में सवार लोगों को लाइसेंस दिखाने के लिए कहा गया लेकिन, वे कोई लाइसेंस नहीं दिखा पाए। इसके चलते पुलिस ने जड़ी-बूटियों को जब्त कर गाड़ियों में सवार सात लोगों को भी हिरासत में ले लिया।
पुलिस के पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि वे जड़ी-बूटियों को वन्य प्राणी क्षेत्र से लेकर लाए हैं जबकि, वन्य प्राणी क्षेत्र से किसी भी वन संपदा को बिना अनुमति नहीं निकाला जा सकता। पुलिस ने इस मामले में पकड़े गए सातों लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई को पुलिस टीम ने संघनी पुलिस चौकी प्रभारी अशोक कुमार की अगुवाई में अंजाम दिया।
जड़ी-बूटी के साथ पकड़े गए लोगों की पहचान जगदीश निवासी कशीरी, विपिन कुमार निवासी द्रोबड़ी, देश राज निवासी कशीरी, ईमरान निवासी अकुंजा, रहमत अली निवासी जलारी, सपकत अली निवासी जलारी और मोहम्मद रफीक के रूप में हुई है। उनके खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। डीएसपी सलूणी शेर सिंह राणा ने बताया कि लंगेरा के पास पुलिस ने सात लोगों को जड़ी-बूटी के साथ पकड़ा है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई को अंजाम दे रही है।