चंबा। शहर सहित साथ लगते ग्रामीण क्षेत्रों में जल शक्ति विभाग की ओर से मृतकों के नाम से पानी के बिल जारी किए जा रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं में असमंजस की स्थिति है। ग्रामीण क्षेत्रों में यह समस्या ज्यादा आ रही है।
दरअसल, पूर्व सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में पानी के बिल लेना बंद कर दिए थे। अब वर्तमान सरकार ग्रामीण क्षेत्रों से पानी के बिल लेना शुरू किया है। ऐसे में जल शक्ति विभाग पुराने रिकॉर्ड के अनुसार ही पानी के बिल जारी कर रहा है। लोगों में सुरेश कुमार, विनोद कुमार, अमित कुमार, सुरेंद्र सिंह, देविया राम, राज कुमार, अमित कुमार, राज कुमार, जय राम और दया राम ने बताया कि जल शक्ति विभाग मृतकों के नाम से बिल जारी कर रहा है। विभाग ने कनेक्शन की जानकारी के लिए कोई अभियान या सर्वे नहीं करवाया है। इस बारे में कोई जानकारी भी नहीं दी जा रही है। ऐसे में मृतकों के नाम पर पानी के बिल उन्हें मिल रहे हैं। दूसरी तरफ, विभागीय अधिकारियों की मानें किसी व्यक्ति की मृत्यु होने के बाद परिजनों को 21 दिन के भीतर कनेक्शन बदलवाना चाहिए, मगर लोग ऐसा नहीं कर रहे हैं। ऐसे में पुराने कनेक्शन के आधार पर ही बिल भेजा जा रहा है।
उधर, जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता दीपक कुमार का कहना है कि विभाग की ओर से रिकॉर्ड के अनुसार ही बिल जारी किए जा रहे हैं। लोगों को कनेक्शन अपने नाम करवा लेने चाहिए। साथ ही किसी के परिवार के मालिक की मृत्यु होती है तो 21 दिन के भीतर कनेक्शन बदलने का प्रावधान है, मगर लोग ऐसा नहीं कर रहे हैं। इस वजह से ऐसी समस्या पेश आती है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि वे अपने कनेक्शन अपने नाम करवाएं।