जिला मुख्यालय के साथ लगते करियां में रावी नदी के बीच में एक व्यक्ति फंस गया। जिसे अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों द्वारा रावी नदी से सुरक्षित बाहर निकाला गया। बुधवार दोपहर साढ़े ग्यारह बजे दो व्यक्ति करियां के पास रावी नदी के रास्ते भड़ियां गांव की ओर जा रहे थे।
उसी दौरान अचानक रावी नदी का जल स्तर बढ़ गया। जिससे एक व्यक्ति नदी के पार पहुंच गया जबकि एक व्यक्ति नदी के बीच में फंस गया। रावी नदी के बीच फंसे व्यक्ति को देखकर वहां पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। उसके बाद स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग को रावी नदी में व्यक्ति के फंसने की सूचना दी। सूचना मिलने के तुरंत बाद अग्निशमन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। उसके बाद रस्सी से बांध कर नदी में फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला गया। अगर समय रहते अग्निशमन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच कर व्यक्ति को रावी नदी से बाहर नहीं निकालते तो व्यक्ति रावी नदी के तेज बहाव में बह भी सकता था। स्थानीय निवासी सुरेश कुमार, गुड्डू, संजय कुमार, मनोज कुमार, राकेश कुमार, मंजीत कुमार, अजय, योग राज, मनीष और प्यार सिंह ने बताया कि रावी नदी में अचानक पानी छोड़े जाने से कई बार पहले भी घटनाएं घटित हो चुकी हैं। जिसमें कई लोग अपनी जान से भी हाथ धो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि नदी में पानी छोड़ने से पहले नियमित रूप से सायरन नहीं बजाया जा रहा है। ऐसे में रावी नदी को पार करना काफी खतरनाक साबित हो सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन से अनुरोध किया है रावी नदी में पानी छोड़ने से पहले सॉयरन बजाया जाए ताकि उस दौरान कोई भी रावी नदी के पास नहीं जाए। उधर, फॉयर ऑफिसर जसौल राम ने बताया कि करियां के पास रावी नदी में फंसे व्यक्ति को रस्सी से बांधकर बाहर निकाला गया।