Waiting for 'Shagun' is over, 50 lakhs got budget
चंबा। जिले में शगुन योजना के तहत अब कोई भी मामला लंबित नहीं बचा है। सरकार की ओर से हाल ही में जिले के लिए पचास लाख रुपये का बजट जारी किया गया है। इस बजट से विभाग ने 95 आवेदकों को शगुन की राशि वितरित कर दी है। जबकि, शेष बजट से अब आने वाले आवेदनों को स्वीकृति के बाद राशि वितरित की जाएगी।
सरकार की इस योजना का जिले में बेहतरीन रिस्पांस मिल रहा है। जानकारी के अनुसार योजना के तहत जिले के लिए एक करोड़ 39 लाख बजट का प्रावधान हुआ था। विभाग ने योजना का बेहतर तरीके से प्रचार-प्रसार किया और यह बजट नवंबर में ही खत्म हो गया। विभाग ने इस बजट से 451 आवेदकों को निर्धारित 31-31 हजार रुपये की राशि आवंटित की है। गत माह विभाग की ओर से पचास लाख की अतिरिक्त डिमांड भेजी गई थी।
लिहाजा, अब बजट की व्यवस्था होने से 95 नए मामलों का निपटारा कर दिया है। गौरतलब है कि इस योजना के माध्यम से प्रदेश की कन्याओं को विवाह अनुदान के रूप में 31 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की जा रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी बालकृष्ण शर्मा ने खबर की पुष्टि की है।