सलूणी (चंबा)। राजकीय महाविद्यालय सलूणी के दो रोवर्स का चयन इस वर्ष के राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस की परेड के लिए हुआ है। महाविद्यालय की रोवर इकाई के प्रभारी शुभम डोगरा ने बताया कि बीए द्वितीय वर्ष के छात्र साहिल कुमार और आदिल रजा खान 20 से 26 जनवरी तक शिमला में आयोजित राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेंगे।
इस शिविर में प्रदेशभर से कुल 60 रोवर और 60 रेंजर का चयन हुआ है। यह उपलब्धि न केवल छात्रों के लिए बल्कि चंबा जिले और महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। साहिल कुमार और आदिल रजा खान पहले भी निपुण शिविर और प्रथम राष्ट्रीय रेंजर एवं रोवर जंबूरी छत्तीसगढ़ में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य मोहिंदर कुमार सलारिया ने दोनों चयनित छात्रों को हार्दिक शुभकामनाएं दी और कहा कि महाविद्यालय में रेंजर एवं रोवर इकाई का गठन पिछले वर्ष ही हुआ है। ये दोनों पहले रोवर बैच के सदस्य हैं। उनका चयन भविष्य के रोवर एवं रेंजर छात्रों के लिए प्रेरणास्पद उदाहरण साबित होगा।