चंबा के तेलका में पेड़ों की नबरेशन और चिन्हांकन करने जाती संयुक्त टीम।स्रोत जागरूक पाठक
तेलका (चंबा)। तेलका क्षेत्र में सड़क के निर्माण को लेकर कदम उठने शुरू हो गए है। अब लोक निर्माण विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीम ने प्रस्तावित सड़क की जद में आने वाले पेड़ों की निशानदेही का कार्य शुरू कर दिया है।
ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से सड़क सुविधा की मांग की जा रही थी, लेकिन कार्रवाई में देरी हो रही थी। अमर उजाला में मामला उठने के बाद विभाग हरकत में आया और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता रजत सहगल ने बताया कि प्रस्तावित सड़क की राह में आने वाले पेड़ों को चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वन विभाग की औपचारिकताएं पूरी होते ही फाइल को आगामी स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।
वहीं, पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी ने कहा कि भजोत्रा पंचायत के ग्रामीणों को सड़क सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं और पेड़ों की निशानदेही सहित सभी औपचारिकताएं तेजी से पूरी की जा रही हैं। ग्रामीणों को अब ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वन स्वीकृति और अन्य प्रक्रिया पूरी होते ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। आशा कुमारी ने प्रशासन को कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उधर, डीएफओ सुशील गुलरिया ने बताया कि प्रस्तावित सड़क की राह में आने वाले पेड़ों को चिह्नित किया जा रहा है। वन विभाग की ओर से सभी आवश्यक औपचारिकताएं नियमों के तहत पूरी की जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेड़ों की गिनती, प्रजाति निर्धारण और रिपोर्ट तैयार कर संबंधित प्रस्ताव को उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। वन स्वीकृति मिलते ही सड़क निर्माण में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।