साहो में प्रशासन जनता के द्वार कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोग।
- फोटो : Chamba
चंबा। उपमंडल चंबा के तहत ग्राम पंचायत साहो में प्रशासन जनता के द्वार पहुंचा। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत साहो के गांव बेला में लो वोल्टेज की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने अपनी आवाज बुलंद की। ग्रामीणों ने कहा कि इस गांव में रात के समय कम वोल्टेज की समस्या रहती है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद विद्युत बोर्ड के अधिकारियों से मांग की कि इस समस्या के समाधान के लिए गांव में जल्द ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाए।
इसके अलावा साहो पंचायत की कूहल को दोबारा से चालू करने की भी मांग की गई। ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत के अधिकतर ग्रामीण खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। यदि इस कूहल को दोबारा शुरू किया जाता है तो इससे खासकर किसानों को काफी लाभ मिलेगा। स्थानीय पंचायत प्रधान पूजा शर्मा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों की पंचायतों केे आधार कार्ड बनवाने और अपडेट करवाने के लिए काफी दिक्कतें उठानी पड़ती हैं।
उन्हें बीस से 25 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय का रुख करना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि इसके बारे में पंचायत स्तर पर व्यवस्था बनाई जाए। आगामी महाशिवरात्रि पर्व के कार्यक्रम को आयोजित करने के बारे में भी मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने अनुमति मांगी। इस दौरान एसडीएम शिवम प्रताप सिंह की ओर से निर्देश दिए गए कि कोरोना गाइडलाइन को मद्देनजर रखते हुए लंगर का आयोजन किया जा सकता है। इसके लिए मंदिर समिति व्यवस्था बनाए। एसडीएम ने पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया गया कि वे इन योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाएं। कार्यक्रम में पंचायतों के ग्रामीणों ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।