पठानकोट भरमौर नेशनल हाईवे पर रविवार को कॉलेज रोड़ से गुजरते वाहन।
चंबा। दिन रविवार। समय सुबह 10 बजे। स्थान सुल्तानपुर बाजार। सुल्तानपुर चौक से पठानकोट के लिए वाहन चालक वाया कॉलेज मार्ग होकर गुजर रहे हैं। पठानकोट की तरफ से भी इसी मार्ग से वाहन चंबा के लिए जा रहे हैं। इस कारण वहां ट्रैफिक जाम बढ़ गया है। राहगीर से लेकर वाहन चालक परेशान हैं। यातायात पुलिस के लिए ट्रैफिक संभालना मुश्किल हो रहा है। शनिवार को जब हेलिपैड के पास एनएच क्षतिग्रस्त हुआ तो पुलिस ने वाया कॉलेज मार्ग को शुरू करवाया। यहां सड़क किनारे खड़े सभी वाहनों को हटा दिया। रविवार को सुबह फिर से वहां वाहन खड़े हो गए, इससे यातायात बाधित होता रहा। समय 11 बजे। संजय शर्मा ट्रक लेकर पठानकोट से ईंटें भरकर चंबा पहुंचे। ट्रैफिक जाम में फंसने पर उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से यहां गाड़ी चलाना मुश्किल हो जाएगा। प्रशासन और पुलिस को यहां वाहनों की आवाजाही के लिए उचित प्रबंध करने चाहिए। लिहाजा, प्रशासन की ओर से तुरंत मौके पर यातायात पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया। दोपहर 12 बजे धर्मपाल वहां से पैदल गुजर रहे थे। जब उनसे संवाद टीम ने बात की तो उन्होंने बताया कि कॉलेज मार्ग पहले से तंग था ऐसे में यहां दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही होने से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। कॉलेज जाने वाले बच्चे वाहन दुर्घटना का शिकार न हों, इसके लिए पुलिस को पुलिस जवानों की संख्या बढ़ानी होगी। साथ ही क्षतिग्रस्त एनएच को शीघ्र बहाल करने की व्यवस्था करनी होगी। उन्होंने कहा कि इसी मार्ग पर निजी अस्पताल भी है। ऐसे में मरीजों के वाहन भी ट्रैफिक जाम में फंस सकते हैं।
पहले इस तरह थी आवाजाही
सुल्तानपुर चौक से दो तरफा रास्ता था। कॉलेज रोड से जहां पठानकोट के लिए वाहन रवाना होते थे तो वहीं, दूसरी तरफ पठानकोट से आने वाले वाहन वाया हेलिपैड होकर सुल्तानपुर पहुंचते थे। बहरहाल, एक ही रास्ता होने से कॉलेज रोड पर वाहनों का दबाव काफी हद तक बढ़ जाएगा।
राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण के कार्यकारी अधिशासी अभियंता जोगिंद्र शर्मा ने बताया कि हाईवे का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। इसके बारे योजना तैयार की जा रही है। जल्द डंगा लगाकर हाईवे को बहाल किया जाएगा।
एसडीएम चंबा प्रियांशु खाती का कहना है कि प्रशासन की ओर से आवाजाही को वाया सुल्तानपुर शुरू किया गया है। कहा कि जाम की समस्या कम रहे, इसके बारे में यातायात पुलिस की ड्यूटी के बारे निर्देशित कर दिया गया है।