सूलणी/किहार/चंबा। सीमांत क्षेत्र लंगेरा स्थित सुरक्षा चौकी में दैनिक उपयोग की खाद्य वस्तुओं समेत अन्य सामान पहुंचाना जवानों के लिए चुनौती बना हुआ है। चंबा-लंगेरा-भद्रवाह मार्ग (भूती छौ) चार दिन बाद बहाल होने के बाद फिर बंद पड़ गया है। सड़क के बाधित होने से प्रियुंगल और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला संघणी तक विद्यार्थियों को अपनी जान जोखिम में डाल कर ही आवाजाही करनी पड़ रही है। हैरानी की बात है कि मार्ग को बहाल करवाने के लिए लोक निर्माण विभाग सफल नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों राकेश कुमार, प्रीतम चंद, अमित कुमार, नरेश कुमार, दिलीप कुमार, संजीव कुमार, कन्हैया राम, राजीव कुमार, होशियारा राम, प्रमोद कुमार आदि ने बताया कि चंबा-लंगेरा-भद्रवाह मार्ग भारी बारिश और भूस्खलन के चलते डेढ़ माह तक बंद रहा। इससे क्षेत्र का संपर्क देशभर से कटा रहा। लोक निर्माण विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद चार दिन पहले ही मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल करवाया। बावजूद इसके बीते दिन एक बाद फिर से भूस्खलन के चलते मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद पड़ गया।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक महाजन ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है। मार्ग को बहाल करवाने के लिए विभागीय टीम मौके पर भेजी गई है। कहा कि जल्द मार्ग बहाल करने के प्रयास जारी हैं।