उपमंडल प्रशासन ने व्यापारियों को दिया एक सप्ताह का अतिरिक्त समय
दो अगस्त को संपन्न होगा मेला, शुरुआत में धीमा रहता है मेले में कारोबार
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। अंंतराष्ट्रीय मिंजर मेले में कारोबार करने वाले व्यापारियों के लिए राहत भरी खबर है। उपमंडलीय प्रशासन ने कारोबारियों को नौ अगस्त तक दुकानें और व्यापारिक गतिविधियां जारी रखने की अनुमति दी है। प्रशासन ने सभी व्यापारियों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। मिंजर मेला दो अगस्त को संपन्न होगा। मेले में पहुंचे बाहरी और स्थानीय व्यापारियों को कारोबार समेटने और अतिरिक्त बिक्री के लिए एक सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया है। प्रशासन के इस फैसले से व्यापारियों को लाभ मिलेगा।
अधिकारिक तौर पर मेला 26 जुलाई से शुरू हो चुका है। चौगान में अभी भी स्टॉल लगाए जा रहे हैं। कारोबारी स्टॉल खरीद रहे हैं। दुकान सजाने में अभी भी एक या दो दिन का समय लग जाएगा। मेला दो अगस्त को संपन्न होगा। इसके बाद मेले में कारोबार रफ्तार पकड़ेगा। इसके लिए अतिरिक्त एक सप्ताह का समय प्रशासन की ओर से दिया गया है। अकसर देखा गया है कि मेले के शुरुआती दिनों में कारोबार धीमा रहता है। लिहाजा, मेले के समाप्ति के बाद एक सप्ताह का अतिरिक्त समय कारोबारियों के लिए बड़ी राहत रहेगा। गौरतलब है कि मिंजर मेले में चौगान नंबर एक, दो और चार में मार्केट सजती है। मेले में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा बाहरी राज्यों से भी व्यापारी पहुंचते हैं। यहां कपड़े, हस्तशिल्प, सजावटी सामान, खिलौने, घरेलू उपयोग की वस्तुओं सहित कई प्रकार के उत्पादों की दुकानें लगाई जाती हैं।
उपमंडलीय प्रशासन ने व्यापारियों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के दौरान नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें। मेले के सफल आयोजन के साथ व्यापारियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
एसडीएम चिराग शर्मा ने बताया कि नौ अगस्त तक मेले में कारोबार जारी रहेगा। इसके बाद प्रशासन चौगानों को खाली करवा देगा। मेला समाप्त होने के बाद सप्ताह का समय कारोबारियों को दिया गया है।