खज्जियार (चंबा)। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भले ही जम्मू-कश्मीर में पर्यटकों की चहलकदमी थम गई हो लेकिन, चंबा के पर्यटन स्थल खज्जियार में पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है।
एक सप्ताह में पर्यटन स्थल खज्जियार में 20 प्रतिशत पर्यटकों की आमद हुई है। शनिवार को विभिन्न राज्यों के सैलानियों से खज्जियार भरा हुआ नजर आया। झील मैदान में चारों तरफ पर्यटक ही पर्यटक नजर आए। पर्यटक खज्जियार में पैराग्लाइडिंग सहित घुड़सवारी का आनंद उठा रहे हैं।
बच्चों के लिए पैराग्लाइडिंग की व्यवस्था झील मैदान में की गई है। जहां पर रस्सियों से खिंच कर ग्लाइडर को हवा में उड़ाया जाता है। उसके बाद सुरक्षित तरीके से जमीन में लैंडिंग करवा दी जाती है। इसमें सिर्फ बच्चों को ही बिठाया जाता है जबकि व्यस्कों के लिए पैराग्लाइडिंग पायलट करवाता है।
पर्यटकों की भीड़ बढ़ने से खज्जियार में होटल कारोबारियों सहित अन्य छाेटे कारोबारियों में खुशी की लहर है। पर्यटन सीजन शुरू हो चुका है। ऐसे में खज्जियार में शुरूआत में ही पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। आगामी दिनों में खज्जियार में पर्यटकों की भीड़ और भी ज्यादा बढ़ सकती है।